उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विजयादशमी के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विजयादशमी का पर्व समाज को अधर्म पर धर्म, बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की विजय का शाश्वत संदेश देता है।
सीएम योगी ने अपने संदेश में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के जीवन और आदर्शों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका चरित्र सत्य, न्याय, त्याग, मर्यादा और लोक कल्याण के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है। भगवान श्रीराम का जीवन हमें अपने कर्तव्यों का पालन करने और समाज एवं राष्ट्र के हित में कार्य करने का संदेश देता है।
अहंकार और नकारात्मकता त्यागने की अपील
मुख्यमंत्री ने कहा कि विजयादशमी का पर्व हमें अपने जीवन से अहंकार, अन्याय और नकारात्मक प्रवृत्तियों को दूर करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने मां दुर्गा की आराधना और भगवान श्रीराम के आदर्शों का उल्लेख करते हुए सत्य एवं सदाचार के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
सीएम योगी ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे त्योहार की गरिमा और पवित्रता बनाए रखते हुए इसे श्रद्धा, उल्लास और आपसी सौहार्द के साथ मनाएं। उन्होंने कामना की कि विजयादशमी का पर्व उत्तर प्रदेश में शांति, सद्भाव और समृद्धि को और मजबूत करे।