कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर मुंबई में प्रदर्शन का ऐलान किया है। दीपके के अनुसार, 2 अक्टूबर को मुंबई के शिवाजी पार्क से विरोध प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।
CJP ने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे के साथ उनके खिलाफ आपराधिक कार्रवाई की मांग भी रखी है। संगठन ने 2025 की मतदाता सूची को फ्रीज करने और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया को रोकने की मांग की है।
इस बीच मुंबई पुलिस ने शिवाजी पार्क में प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार किया है। पुलिस ने कहा है कि शिवाजी पार्क में सभाओं से संबंधित नियमों और बॉम्बे हाई कोर्ट के 2013 के आदेश के तहत पुलिस इस तरह की अनुमति देने के लिए अधिकृत नहीं है। यातायात और ध्वनि से जुड़े मुद्दों का भी हवाला दिया गया है।
अभिजीत दीपके ने कहा है कि अनुमति नहीं मिलने के बावजूद CJP प्रदर्शन जारी रखेगी। उन्होंने दावा किया कि प्रदर्शन का अधिकार नहीं मिलने पर संगठन मुंबई में ‘जेल भरो आंदोलन’ शुरू करेगा। इसके बाद गोवा, कर्नाटक, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड समेत अन्य राज्यों में आंदोलन फैलाने की बात कही गई है।
वहीं, चुनाव आयोग ने SIR और आयोग के कामकाज को लेकर लगाए गए आरोपों पर कहा है कि तीनों चुनाव आयुक्तों ने SIR से जुड़े फैसलों को मंजूरी दी थी और आयोग में किसी आंतरिक टूट की बात को खारिज किया है।