Loading...
India

फर्रुखाबाद में भैंस के खेत में जाने पर विवाद, पिता-पुत्र समेत तीन घायल; भैंस की मौत

फर्रुखाबाद में भैंस के खेत की मेड़ तक पहुंचने को लेकर विवाद में मारपीट का आरोप है। घटना में पिता-पुत्र समेत तीन लोग घायल हुए, जबकि भैंस की मौत हो गई।
Share:
फर्रुखाबाद में भैंस के खेत में जाने पर विवाद, पिता-पुत्र समेत तीन घायल; भैंस की मौत
कुल्हाड़ी से वार का आरोप गंभीर हालत में किशनपाल
Read in your preferred language.
INDC Network : फर्रुखाबाद, उत्तर प्रदेश : फर्रुखाबाद के थाना मउदरवाजा के नगला नट पोस्ट बरौन में भैंस के खेत में पहुंचने को लेकर हुए विवाद में एक परिवार के तीन सदस्यों के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने लोहे की रॉड और कुल्हाड़ी से हमला किया, जिसमें किशनपाल के सिर में गंभीर चोट आई। उन्हें इलाज के लिए लोहिया जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद भैंस की भी मौत हो गई।
मारपीट के बाद भैंस की भी मौत हो गई है
मारपीट के बाद भैंस की भी मौत हो गई है

परिजनों के अनुसार, घटना नंगला नट क्षेत्र में उस समय हुई जब उनकी भैंस घास चरते हुए एक खेत की मेड़ तक पहुंच गई थी। इसी दौरान विवाद शुरू हुआ। शशि का आरोप है कि भैंस खेत के अंदर नहीं गई थी, बल्कि केवल मेड़ तक पहुंची थी। विवाद बढ़ने पर दूसरे पक्ष के लोगों ने परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट शुरू कर दी।

आरोप है कि मारपीट के दौरान शशि के पिता किशनपाल के सिर पर कुल्हाड़ी से वार किया गया। उनके हाथ और सिर में रॉड से भी चोट लगने की बात सामने आई है। शशि और उसके करीब 13 वर्षीय छोटे भाई को भी चोटें आई हैं। परिवार का आरोप है कि उनकी भैंस को भी बुरी तरह पीटा गया, जिसके बाद उसकी मौत हो गई।

शशि और उसके छोटे भाई के सर में चोटें आई है
शशि और उसके छोटे भाई के सर में चोटें आई है

घायलों को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद किशनपाल को लोहिया जिला अस्पताल रेफर किया गया। परिजनों के मुताबिक किशनपाल की हालत गंभीर है और घटना के बाद से वह अस्पताल में भर्ती हैं। उनके सिर की चोट को देखते हुए सीटी स्कैन भी कराया जाना बताया गया है।

परिजनों का कहना है कि मामले की शिकायत पुलिस से की गई है और बीबीगंज चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। परिवार ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और उन्हें न्याय दिलाने की मांग की है।