लखनऊ में शनिवार, 14 नवंबर को वकीलों का प्रदर्शन उग्र हो गया। अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम लागू करने की मांग को लेकर बड़ी संख्या में वकील विधानसभा का घेराव करने निकले। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने हजरतगंज में पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ दी और आगे बढ़ते हुए विधानसभा के सामने पहुंच गए।
इस प्रदर्शन का आह्वान लखनऊ बार एसोसिएशन और सेंट्रल बार एसोसिएशन की ओर से किया गया था। वकीलों का कहना है कि उनके साथ लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं के कारण सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ रही है।
सेंट्रल बार एसोसिएशन के महामंत्री अवनीश दीक्षित के मुताबिक, हापुड़ की घटना के बाद अधिवक्ताओं की सुरक्षा के लिए अधिनियम का ड्राफ्ट तैयार किया गया था, लेकिन इसे लागू नहीं किया गया। वकीलों की मांग है कि सरकार इस ड्राफ्ट को अधिवक्ता संगठनों के सामने रखे और जल्द से जल्द कानून लागू करे।
इसके अलावा वकीलों ने टोल टैक्स में छूट, चैंबरों की बहाली और बीमा योजना जैसी मांगें भी उठाई हैं। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि 15 दिनों के भीतर उनकी मांगों पर ठोस कदम नहीं उठाया गया तो लखनऊ में अधिवक्ता महापंचायत आयोजित की जाएगी और आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा।