उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती का इंतजार कर रहे उम्मीदवारों के लिए बड़ी खबर है। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) ने आरक्षी नागरिक पुलिस, पीएसी, विशेष सुरक्षा बल और जेल विभाग सहित समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 का अंतिम चयन परिणाम जारी कर दिया है। इस भर्ती प्रक्रिया में कुल 32,679 उम्मीदवारों का चयन हुआ है। अभ्यर्थी अपना परिणाम बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट uppbpb.gov.in पर देख सकते हैं।
किन पदों पर हुआ चयन?
भर्ती बोर्ड के अनुसार, अलग-अलग पदों पर चयनित उम्मीदवारों की संख्या इस प्रकार है:
आरक्षी नागरिक पुलिस: 10,469
पीएसी/सशस्त्र पुलिस: 15,131
विशेष सुरक्षा बल: 1,341
महिला बटालियन में महिला आरक्षी: 2,282
घुड़सवार पुलिस: 71
जेल वार्डर (पुरुष): 3,279
जेल वार्डर (महिला): 106
इस भर्ती के लिए कुल 28,86,797 आवेदन प्राप्त हुए थे।
आरक्षण को लेकर बोर्ड ने क्या कहा?
परिणाम जारी होने के बाद आरक्षण और उम्मीदवारों के नाम को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं के बीच भर्ती बोर्ड ने स्पष्टीकरण जारी किया। बोर्ड के मुताबिक, किसी उम्मीदवार को आरक्षण का लाभ उसके नाम, उपनाम या जातिसूचक टाइटल के आधार पर नहीं दिया जाता। इसके लिए संबंधित श्रेणी के वैध प्रमाणपत्रों और दस्तावेजों की जांच की जाती है।
बोर्ड ने लोगों को बिना प्रमाण किसी उम्मीदवार की श्रेणी या चयन पर सवाल उठाने वाली अफवाहें फैलाने से बचने की चेतावनी दी है। उसने कहा है कि इस तरह की भ्रामक जानकारी फैलाने वाले व्यक्तियों और सोशल मीडिया हैंडल के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
अपना रिजल्ट कैसे चेक करें?
आधिकारिक वेबसाइट uppbpb.gov.in पर जाएं।
आरक्षी सीधी भर्ती-2025 के अंतिम परिणाम वाले लिंक को खोलें।
संबंधित मेरिट लिस्ट या रिजल्ट पीडीएफ डाउनलोड करें।
पीडीएफ में अपना रोल नंबर खोजकर चयन की स्थिति जांचें।
उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे रिजल्ट और भर्ती से संबंधित आगे के निर्देशों के लिए केवल आधिकारिक वेबसाइट पर जारी सूचनाओं पर भरोसा करें।