Loading...
Entertainment

बिग बॉस 20 में सलमान खान का ट्रोलर्स पर गुस्सा, बोले- उम्र और वजन पर कमेंट करना बंद करो

बिग बॉस 20 के ‘वीकेंड का वार’ में सलमान खान ट्रोलिंग, एज-शेमिंग और बॉडी-शेमिंग पर खुलकर बोले। उन्होंने अपनी उम्र और लुक्स को लेकर हो रही ट्रोलिंग का जवाब दिया और सेलिब्रिटीज के शरीर पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वालों की आलोचना की।
Share:
बिग बॉस 20 में सलमान खान का ट्रोलर्स पर गुस्सा, बोले- उम्र और वजन पर कमेंट करना बंद करो
Read in your preferred language.
INDC Network : मनोरंजन : ‘बिग बॉस 20’ के ‘वीकेंड का वार’ में सलमान खान ट्रोलिंग और बॉडी-शेमिंग को लेकर काफी बेबाक अंदाज में नजर आए। शो के प्रोमो में सलमान खान उन लोगों की आलोचना करते दिखे, जो किसी व्यक्ति की उम्र, वजन, लुक्स, परिवार, नाकामियों या मां बनने जैसे निजी मामलों को लेकर सोशल मीडिया पर ट्रोल करते हैं। इस दौरान सलमान ने खुद शर्टलेस होकर अपनी फिटनेस को लेकर चल रही चर्चाओं का जवाब भी दिया। 

सलमान खान ने कहा कि उन्हें भी ट्रोल किया गया है और कहा गया कि वह बूढ़े हो गए हैं। इस पर उन्होंने कहा कि वह 60 साल के हो चुके हैं और कोई हमेशा ‘मैंने प्यार किया’ के दौर जैसा नहीं रह सकता। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर किसी को उसके वजन, लुक्स, खानदान, मुस्कान या फ्लॉप होने को लेकर ट्रोल करने की जरूरत क्यों पड़ती है। 

पैपराजी और ट्रोलर्स पर भी साधा निशाना

सलमान खान ने उन पैपराजी और ट्रोलर्स पर भी नाराजगी जताई, जो सेलिब्रिटीज के शरीर, कपड़ों और लुक्स को लेकर आपत्तिजनक कमेंट करते हैं। उन्होंने कहा कि किसी को ट्रोल करने से पहले लोगों को अपने चेहरे और शरीर के साथ-साथ अपने परिवार की तरफ भी देखना चाहिए। सलमान ने यह भी कहा कि किसी ने फिल्म देखने का टिकट खरीदा है, इसका मतलब यह नहीं कि उसने कलाकारों को खरीद लिया है। 

कैमरे पर उतारी जैकेट और हैट

शो के दौरान सलमान खान ने अपनी फिटनेस को लेकर चल रही चर्चाओं का जवाब देने के लिए अपनी हैट और जैकेट उतार दी। उन्होंने अपने लुक को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही बातों के बीच कहा कि लोग उन्हें ट्रोल करना चाहते हैं तो कर सकते हैं।

सलमान ने अपने बालों को लेकर चल रही चर्चाओं पर भी सफाई दी। उन्होंने बताया कि उनका टकला लुक किसी हेयर ट्रांसप्लांट की वजह से नहीं, बल्कि उनकी आने वाली फिल्म की स्क्रिप्ट की मांग है। 

कटरीना कैफ की ट्रोलिंग पर भी बोले सलमान

सलमान खान ने शो में किसी का नाम लिए बिना प्रेग्नेंसी के बाद महिलाओं के शरीर में होने वाले बदलावों को लेकर की जाने वाली ट्रोलिंग पर भी बात की। उन्होंने कहा कि प्रेग्नेंसी के बाद वजन बढ़ना स्वाभाविक है और महिलाओं से तुरंत पुराने लुक में लौटने की उम्मीद नहीं की जानी चाहिए। 

सलमान की इन बातों को सोशल मीडिया यूजर्स ने कटरीना कैफ की हालिया बॉडी-शेमिंग से जोड़कर देखा। दरअसल, गणेश चतुर्थी के दौरान कटरीना कैफ के बदले हुए लुक और बढ़े वजन को लेकर सोशल मीडिया पर उन्हें ट्रोल किया गया था। कटरीना ने भी इस दौरान पोस्टपार्टम बदलावों और अपने शरीर को लेकर बात की थी। हालांकि सलमान ने अपने बयान में कटरीना का नाम नहीं लिया।