हाथरस हादसे में पुलिस ने 6 लोगों को किया गिरफ्तार, मुख्य आरोपी पर 1 लाख का इनाम
हाथरस हादसे में पुलिस ने आयोजन समिति के 6 लोगों को गिरफ्तार किया। आईजी शलभ माथुर ने बताया कि मुख्य आरोपी देव प्रकाश मधुकर पर 1 लाख का इनाम रखा गया है। सूरजपाल उर्फ भोले बाबा के सत्संग में भगदड़ से 121 लोगों की मौत हुई थी। सरकार ने जांच के लिए न्यायिक आयोग गठित किया है।

INDC Network : हाथरस (उत्तर प्रदेश) : हाथरस हादसे में पुलिस ने आयोजन समिति से जुड़े 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। आईजी शलभ माथुर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस कार्रवाई की जानकारी दी। हादसे में मुख्य आरोपी देव प्रकाश मधुकर पर 1 लाख का इनाम रखा गया है और पुलिस जल्द ही कोर्ट से उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी करवाएगी।
सूरजपाल उर्फ भोले बाबा उर्फ नारायण साकार हरि के सत्संग के बाद भगदड़ मच गई थी, जिसमें 121 लोगों की मौत हो गई थी। इस हादसे के बाद आरोपी आयोजन समिति के मेंबर फरार हो गए थे, जिनमें 2 महिलाएं भी शामिल हैं। आईजी माथुर ने कहा कि बाबा का रोल सामने आने पर उनसे भी पूछताछ की जाएगी, हालांकि FIR में उनका नाम नहीं है।
जिला मजिस्ट्रेट आशीष कुमार ने बताया कि हादसे में मारे गए 121 लोगों की पहचान हो गई है और शवों को आगरा, एटा, हाथरस और अलीगढ़ ले जाया गया। उत्तर प्रदेश सरकार ने हादसे की जांच के लिए हाईकोर्ट के रिटायर्ड जज की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय न्यायिक आयोग का गठन किया है, जो दो महीने में अपनी रिपोर्ट सौंपेगा।
हाथरस के फुलहारी गांव के पास 'सत्संग' के आयोजकों पर 2.5 लाख लोगों को कार्यक्रम स्थल पर ठूंसने का आरोप है, जबकि केवल 80,000 लोगों की अनुमति मिली थी। जिला मजिस्ट्रेट ने बताया कि 2 जुलाई की देर रात सिकंदराराऊ थाने में दर्ज FIR में 'मुख्य सेवादार' देवप्रकाश मधुकर और अन्य आयोजकों को आरोपी बनाया गया है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाथरस का दौरा कर घायलों से मुलाकात की और एफआईआर में धर्मगुरु का नाम क्यों नहीं है, इसकी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जो भी इसके लिए जिम्मेदार होगा, उसे दायरे में लाया जाएगा।
What's Your Reaction?






