दमोह में पुल से बोलेरो नदी में गिरी, एक ही परिवार के 8 लोगों की दर्दनाक मौत
मध्यप्रदेश के दमोह जिले में महादेव घाट पुल से एक बोलेरो वाहन के नदी में गिरने से 8 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में 5 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें जबलपुर रेफर किया गया है। बोलेरो में सवार सभी लोग एक ही परिवार के थे, जो दर्शन कर लौट रहे थे।

INDC Network : दमोह, मध्यप्रदेश : मध्यप्रदेश के दमोह जिले में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया। नोहटा थाना क्षेत्र के बनवार मार्ग पर स्थित सिमरी गांव के पास महादेव घाट के पुल पर तेज रफ्तार बोलेरो अचानक अनियंत्रित होकर पुल से नीचे नदी में जा गिरी। हादसे में मौके पर ही छह लोगों की मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों को तत्काल जिला अस्पताल लाया गया। इलाज के दौरान दो और लोगों ने दम तोड़ दिया, जिससे मरने वालों की संख्या बढ़कर आठ हो गई।
बोलेरो में सवार सभी 13 लोग एक ही परिवार से थे और बांदकपुर से दर्शन कर लौट रहे थे। हादसे में जो लोग घायल हुए हैं, उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है। उन्हें बेहतर इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

हादसे की सूचना मिलते ही कलेक्टर सुधीर कोचर और एसपी श्रुत कीर्ति सोमवंशी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़ितों के परिजनों से मुलाकात की। जिला अस्पताल पहुंचकर उन्होंने डॉक्टरों से घायलों के इलाज की जानकारी भी ली।
परिजनों ने बताया कि यह परिवार जबलपुर जिले के पौड़ी और आसपास के गांवों का रहने वाला है। मंगलवार सुबह ये सभी अलग-अलग चार पहिया वाहनों से बांदकपुर मंदिर में दर्शन के लिए आए थे। लौटते समय महादेव घाट पुल के पास अचानक बोलेरो का संतुलन बिगड़ गया और वह नदी में गिर गई।
ग्रामीणों का कहना है कि पुल पर मोड़ खतरनाक है और बोलेरो की रफ्तार ज्यादा होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। इस हादसे ने पूरे गांव में मातम का माहौल बना दिया है।
हादसे में जिनकी मौत हुई: लौंग बाई, हल्की बाई, संपत बाई, गुड्डी बाई, रचना, तमन्ना (नाबालिग बच्ची), शिब्बू (8–10 वर्ष), और बैजन्ती बाई।
घायल हुए लोग: रज्जो सिंह (55 वर्ष), वैभव सिंह (12 वर्ष), आयुष (बहरोघाट जबलपुर), अंकित (रज्जो सिंह का बेटा), रविंद्र (बिजोरी निवासी)।
कलेक्टर ने हादसे के लिए जिम्मेदार कारणों की जांच के आदेश दिए हैं और मुआवजा देने की बात कही है। साथ ही, पुल की सुरक्षा को लेकर आवश्यक सुधार कार्य भी शुरू कराने की घोषणा की है।
What's Your Reaction?






